Type Here to Get Search Results !

हिंदी व्याकरण | मुहावरे – अर्थ व वाक्य प्रयोग



हिंदी व्याकरण – मुहावरे

मुहावरों का जन्म लोकजीवन में होने वाली आम बातचीत से हुआ है। कभी-कभी हम किसी बात को लाक्षणिक भाषा में कहते हैं। यही बात धीरे-धीरे मुहावरे का रूप धारण कर लेती है। मुहावरों के प्रयोग से भाषा में सजीवता आ जाती है। एक मुहावरा उतना कह जाता है, जितना हम लंबी-चौड़ी भूमिका बाँधकर भी नहीं कह सकते।


जब कोई शब्दसमूह अपने सामान्य अर्थ को छोड़कर किसी विशिष्ट अर्थ में प्रचलित हो जाता है, तो उसे मुहावरा कहते हैं।


यहाँ कुछ शब्दसमूह दिए गए हैं, जिनके स्थान पर निम्नानुसार मुहावरों का प्रयोग किया जा सकता है :

शब्दसमूह — मुहावरे

(1) आय से अधिक व्यय करना - — चादर से बाहर पैर पसारना

(2) जान डालना - — प्राण फूंकना

(3) धोखा देना - — आँखों में धूल झोंकना

(4) बहुत क्रोध करना - — आपे से बाहर होना

(5) बाधाएँ उत्पन्न करना - — काँटे बिछाना

(6) बुद्धि से काम न लेना - — अक्ल पर पत्थर पड़ना

( 8) स्वार्थ सिद्ध करना - — अपना उल्लू सीधा करना


उदाहरण

(1) तिलक व सुभाष के नारों ने निराश भारतीयों के शरीर में जान डाल दी।

तिलक व सुभाष के नारों ने निराश भारतीयों के शरीर में प्राण फूंक दिए।

(2) जो व्यक्ति दूसरों के लिए बाधा उत्पन्न करता है, उसका कभी भला नहीं हो सकता।

जो व्यक्ति दूसरों के लिए काँटे बिछाता है, उसका कभी भला नहीं हो सकता।

(3) गोपाल प्रसाद बड़े चालाक हैं, जब देखो स्वार्थ सिद्ध करने में लगे रहते हैं।

गोपाल प्रसाद बड़े चालाक हैं, जब देखो अपना उल्लू सीधा करने में लगे रहते हैं।

मुहावरे - अर्थ और वाक्य - प्रयोग


(1) आँखें खुल जाना - अर्थ : सच्चाई का पता लग जाना।
वाक्य : कवि के घर की हालत देखकर छापा मारने वालों की आँखें खुल गई।

(2) गला भर आना - अर्थ : भाव विह्वल होना, आवाज भर आना।
वाक्य : जिला स्तर पर पुत्री के प्रथम आने की सूचना देते हुए सलिल के पिता का गला भर आया।

(3) हाथ थामना - अर्थ : सहारा देना।
वाक्य : सच्चे मित्र की पहचान है मुसीबत के समय हाथ थाम लेना।

(4) कोरा जवाब देना - अर्थ : साफ मना करना ।
वाक्य : में रीना को अपनी अच्छी सखी समझती थी परंतु उसने तो जरा से काम के लिए कोरा जवाब दे दिया।

(5) तैश में आना - अर्थ : आवेश (जोश) में आना।
वाक्य दर्शन बात-बात में तैश में आ जाता है।

(6) फूट-फूटकर रोना - अर्थ : जोर-जोर से रोना।
वाक्य : माँ की नाजुक हालत देखकर बेटा फूट-फूटकर रोने लगा।

(7) टांग अड़ाना - अर्थ : कार्य में बाधा डालना।
वाक्य: किसी के बनते हुए काम में टांग अड़ाना अच्छी बात नहीं है।

(8) मुँह लटकाना- अर्थ : चिंता, दुख से सिर नीचा कर लेना।
वाक्य : पिता जब निकम्मे बेटे को फटकारता है, तो वह मुँह लटकाकर सुनता रहता है।

(9) मन तरंगित होना - अर्थ : मन उमंग से भरना।
वाक्य : बेटे की अच्छे वेतनवाली नौकरी लग जाने की बात सुनकर पिता का मन तरंगित हो गया।

(10) निजात पाना - अर्थ : मुक्त होना।
वाक्य : आखिरकार लंबे अरसे बाद सेठजी लेन-देन के मुकदमे से निजात पा गए।

(11) मुँह फुलाना - अर्थ : नाराज होना।
वाक्य : अमित छोटी-छोटी बात में मुँह फुला लेता है।

(12) पसीना बहाना - अर्थ : बहुत मेहनत करना।
वाक्य : अच्छे जीवन स्तर के लिए पसीना बहाना पड़ता है।

(13) जेब ढीली होना- अर्थ : काफी खर्च होना।
वाक्य : मरोज की बीमारी तो ठीक हो गई, पर अस्पताल का बिल भरने में जेब ढीली हो गई।

(14) कलेजा पसीजना - अर्थ : दया आना।
वाक्य : भिखारी की करुण कथा सुनकर सभी का कलेजा पसीज गया।

(15) कलेजे में हूक उठना - अर्थ : मन में दुख होना।
वाक्य : सेठ लक्खुमल जब भी जवान बेटे की हत्या की बात याद करते हैं, उनके कलेजे में हूक उठती है।

(16) गला फाड़ना - अर्थ : ऊँची आवाज में बोलना।
वाक्य : बेटे ने पिता से कहा," मैं आपकी बात सुन रहा हूँ, आप नाहक गला फाड़ रहे हैं।"

(17) सब्जबाग दिखाना - अर्थ : बड़े-बड़े झूठे वादे करना।
वाक्य : आजकल कई कंपनी सब्जबाग दिखाकर बेरोजगार युवकों से अच्छी-खासी रकम ऐंठ लेती हैं।

(18) बोलबाला होना - अर्थ : प्रभाव होना।
वाक्य : आजकल प्रायः हर स्थान पर पैसेवालों का ही बोलवाला होता है।

(19) दाद देना - अर्थ : प्रशंसा करना ।
वाक्य : दर्शकों द्वारा दाद दिए जाने पर कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता है।

(20) गुजर-बसर करना - अर्थ : जीविका चलना।
वाक्य : पंडित घनश्याम किसी तरह गुजर-बसर कर लेते है।

वाक्यांशों के बदले कोष्ठक में से योग्य मुहावरे का प्रयोग


( एकटक देखना , खटका लगा रहना , दृष्टि फेरना , दम भरना , तिलमिला जाना , गले मिलना , जाल बिछाना , राह देखना , सिर माथे लेना , पर्दाफाश करना , इज्जत उतारना , भनक पड़ना , बाएँ हाथ का खेल होना। )

(1) पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार करने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
उत्तर : पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार करने के लिए पूरे इलाके में जाल बिछा दिया।

(2) बोर्ड की परीक्षा हो जाने पर विद्यार्थी परिणाम की प्रतीक्षा करने लगे।
उत्तर : बोर्ड की परीक्षा हो जाने पर विद्यार्थी परिणाम की राह देखने लगे।

(3) दर्शनार्थी मंदिर में देवी जी की मूर्ति को लगातार देख रहे थे।
उत्तर : दर्शनार्थी मंदिर में देवी जी की मूर्ति को एकटक देख रहे थे।

(4) किसी काम को करने का दावा करना और उसे कर दिखाना, दोनों में बड़ा अंतर है।
उत्तर : किसी काम को करने का दम भरना और उसे कर दिखाना, दोनों में बड़ा अंतर है।

(5) मुंशी जी सेठ जी का आदेश सदा आदर सहित मानते हैं।
उत्तर : मुंशी जी सेठ जी का आदेश सदा सिर माथे लेते हैं।

(6) चोर के एक साथी ने पुलिस अधिकारी के सामने मोटर साइकिल चुराने वाले दल का भेद खोल दिया।
उत्तर : चोर के एक साथी ने पुलिस अधिकारी के सामने मोटर साइकिल चुराने वाले दल का पर्दाफाश कर दिया।

(7) जर्जर बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को रात-दिन भय बना रहता है।
उत्तर : जर्जर बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को रात-दिन खटका लगा रहता है।

(8) रमेश के लिए तैरकर नदी पार कर लेना बहुत सरल है।
उत्तर : रमेश के लिए तैरकर उफनती नदी पार कर लेना बाएँ हाथ का खेल है।

(9) क्या आपने मुझे अपमानित करने के लिए यहाँ बुलाया था ?
उत्तर : क्या आपने मेरी इज्जत उतारने के लिए यहाँ बुलाया था?

(10) पंडित बुद्धिराम काकी को देखते ही क्रोध में आ गए।
उत्तर : पंडित बुद्धिराम काकी को देखते ही तिलमिला उठे।




टिप्पणी पोस्ट करा

0 टिप्पण्या
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.